सिलीगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। 2 करोड़ 80 लाख 40 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में राजस्थान पुलिस ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाना की मदद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपू मंडल के रूप में हुई है, जिसे देवीडांगा बाबूभाषा इलाके से बीती रात गिरफ्तार किया गया। वह यहां किराए के मकान में रह रहा था। वे मूल रूप से मयनागुड़ी का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजस्थान के राजसमंद की एक महिला ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर भारी मुनाफे का लालच दिया गया। आरोप है कि महिला से अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा करवाए गए। शुरुआत में उसे निवेश पर लाभ भी दिखाया गया, लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो उससे और रकम जमा करने को कहा गया। बाद में उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में राजस्थान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कई बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन के सुराग मिले, जिनके आधार पर पुलिस दीपू मंडल तक पहुंची।
प्राथमिक जांच में आशंका है कि आरोपी किसी बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के ट्रांसफर की भी जांच कर रही है।
राजस्थान पुलिस ने आरोपी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ के लिए राजस्थान ले जाया जाएगा।
