सिलीगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के झंकार मोड़ से माटीगाड़ा को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण यह सड़क अब लगभग चलने लायक नहीं बची है। कहीं बड़े-बड़े गड्ढे हैं, तो कहीं बारिश का पानी भरकर छोटे-छोटे तालाब बन गए हैं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाना मुश्किल हो गया है, जिससे अभिभावकों को अतिरिक्त समय और जोखिम उठाना पड़ रहा है। स्कूल बस, ऑटो, बाइक और अन्य वाहन रोजाना इस जर्जर सड़क पर खतरनाक हालात का सामना कर रहे हैं।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए इलाके के लोगों और ऑटो चालकों के साथ बैठक भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि झंकार मोड़ से माटीगाड़ा तक सड़क की जल्द से जल्द पूरी तरह मरम्मत कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
