फूलबाड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। तस्करी से पहले न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उकिल मियां और संतोष रविदास के रूप में हुई है, जो दोनों कूचबिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,सिलीगुड़ी–जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूलबाड़ी के जियागंज इलाके में गुरुवार को एक छोटी यात्री चारपहिया वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिक्की से करीब 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि बरामद गांजा कूचबिहार के दिनहाटा से सिलीगुड़ी होते हुए दूसरे राज्यों में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस योजना को नाकाम कर दिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें शुक्रवार को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
