सिलीगुड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी शहर के हिलकार्ट रोड, सेवक रोड सहित विभिन्न इलाकों में लंबे समय से अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोप है कि जिन पार्किंग स्थलों पर नगर निगम के टेंडर के माध्यम से वैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूला जाता था, उनका टेंडर इस साल मार्च में समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद नए टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के बावजूद कुछ लोग अवैध रूप से वाहन चालकों से पार्किंग फीस वसूल रहे थे।
गुरुवार को कुछ स्थानीय निवासियों और पुराने टेंडर धारकों ने मिलकर आरोपियों को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिना किसी रसीद (स्लिप) के वाहन चालकों से पैसे लिए जा रहे थे। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
