सिलीगुड़ी, 4 जून (नि.सं.)। देशबंधुपाड़ा स्थित श्रीश्री नरोत्तम गौड़ीय मठ में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिलीगुड़ी थाना की पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू बर्मन को महावीर स्थान इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई की रात मठ से 22 गोपाल मूर्तियां, पीतल का बड़ा घंटा और अन्य कीमती धार्मिक सामान चोरी हो गए थे। घटना के बाद मठ के स्वामी भक्ति निलय जनार्दन गोस्वामी महाराज की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी प्रसेनजीत सरकार, दिलीप सरकार और पियाल सरकार को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर आखिरकार मुख्य आरोपी राजू बर्मन को भी गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
