सिलीगुड़ी,13 जनवरी (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ शारीरिक उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने उसके सौतेले पिता मोहम्मद रुस्तम उर्फ टेकुआ (24) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसकी मां उसे इलाज के लिए माटीगाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। बच्ची की शारीरिक हालत देखकर अस्पताल प्रशासन को गंभीर संदेह हुआ, जिसके बाद तुरंत माटीगाड़ा थाने की पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शारीरिक उत्पीड़न के संकेत मिलने के बाद सोमवार सुबह बच्ची के सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया। फिलहाल माटीगाड़ा थाना की पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
