सिलीगुड़ी मॉब लिंचिंग केस: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

सिलीगुड़ी, 1 मई (नि.सं.)। भक्तिनगर थाने की पुलिस ने एक्टियाशाल इलाके में गाय चोरी के संदेह में हुई मॉब लिंचिंग मामले में मुख्य आरोपी सुब्रतो बर्मन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उसी इलाके का निवासी बताया गया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले भजन राय और संजय बर्मन को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। जानकारी के अनुसार, 25 तारीख की सुबह 40 नंबर वार्ड के एक्टियाशाल इलाके में गाय चोरी के शक में चोपड़ा के दो व्यक्तियों को भीड़ ने पकड़ लिया था। दोनों को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस घटना में सफिकुल इस्लाम की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि रबुल हक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने भक्तिनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था, जिसे नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बल और सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की भारी तैनाती की गई थी। मामले की जांच चल रही है। जांच के दौरान वीडियो फुटेज और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *