सिलीगुड़ी में गाय चोर के शक में सामूहिक पिटाई से एक की मौत, दो गिरफ्तार- मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम

सिलीगुड़ी, 26 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के उत्तर एकटियाशाल पाइपलाइन इलाके में कथित गाय चोर के शक में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मामले की जांच के लिए रविवार को फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आशिघर फाड़ी, भक्तिनगर थाने की पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में फॉरेंसिक अधिकारियों ने घटनास्थल से अहम नमूने एकत्र किए। मृतक की पहचान सफीकुल इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम रफीकुल हक बताया गया है। दोनों चोपड़ा के निवासी है। पिछले करीब तीन वर्षों से सिलीगुड़ी में किराए के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह दोनों रोज की तरह काम पर निकले थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें गो-चोरी के शक में पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सफीकुल इस्लाम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम भजन राय और संजय बर्मन हैं। रविवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *