खोरीबाड़ी, 18 जून (नि.सं.)। राज्य में सरकार बदलते ही सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग सक्रिय हो गया है। पुलिस के साथ अभियान चलाकर 11.78 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, खोरीबाड़ी के बुरागंज ग्राम पंचायत के भाटागछ में यह जमीन बाहरी लोगों के कब्जे में थी। बार-बार विरोध और शिकायत के बावजूद भूमि विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया था।
सरकार बदलने के बाद ग्रामवासियों ने फिर से सरकारी जमीन कब्जे की शिकायत खोरीबाड़ी भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग को दी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए भाटागछ में 11.78 एकड़ यानी लगभग 12 बीघा सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कर वहां सरकारी बोर्ड लगा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से भाटागछ गांव के लोग काफी खुश हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जमीन पर अवैध कब्जा था। पहले भी भूमि विभाग को इस बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब वे चाहते हैं कि यह जमीन सरकार के पास ही रहे और यहां किसी सरकारी योजना का कार्य शुरू हो।
वहीं, बीएलआरओ प्रतिमा सुब्बा ने बताया कि इससे पहले भी दो बार जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय बाधाओं का सामना करना पड़ा था। आज 11.78 एकड़ जमीन को मुक्त कर वहां बोर्ड लगाया गया है। आने वाले समय में इस इलाके की अन्य सरकारी जमीनों को भी कब्जा मुक्त किया जाएगा।
