सिलीगुड़ी, 9 जुलाई (नि.सं.)। उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में राज्यपाल आर. एन. रवि ने राज्य के 20 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक की। राज्य में उच्च शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की स्थिति की समीक्षा के लिए यह बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुलपतियों के साथ-साथ रजिस्ट्रार भी उपस्थित रहे।
इस बैठक में आलिया विश्वविद्यालय, अलीपुरद्वार विश्वविद्यालय, बांकुड़ा विश्वविद्यालय, विश्व बंगला विश्वविद्यालय, कूचबिहार पंचानन बर्मा विश्वविद्यालय, दक्षिण दिनाजपुर विश्वविद्यालय, दार्जिलिंग हिल विश्वविद्यालय, डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय, गौड़बंग विश्वविद्यालय, हरिचंद-गुरुचंद विश्वविद्यालय, हिंदी विश्वविद्यालय, कन्याश्री विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, मुर्शिदाबाद महाराजा कृष्णनाथ विश्वविद्यालय, रायगंज विश्वविद्यालय, रानी रासमणि ग्रीन विश्वविद्यालय, साधु रामचंद्र मुर्मू विश्वविद्यालय, संस्कृत कॉलेज व विश्वविद्यालय, सिधु-कानु-बीरसा विश्वविद्यालय और नेताजी सुभाष ओपन विश्वविद्यालय के कुलपति मौजूद थे।
बैठक में विश्वविद्यालयों की वर्तमान स्थिति, समस्याएं और संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपतियों ने बुनियादी ढांचे के विकास, रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी और प्रोफेसरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति सहित कई मुद्दों को उठाया।
इसके अलावा राज्यपाल ने हर साल दीक्षांत समारोह आयोजित करने, विश्वविद्यालयों की स्वयं की आय बढ़ाने, स्किल डेवलपमेंट और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक विश्वविद्यालय का दौरा कर समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने का आश्वासन दिया। हालांकि, इस विषय पर राज्यपाल ने कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की।
