मालदा से सिलीगुड़ी लाई जा रही 306 ग्राम हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 26 अगस्त  (नि.सं.)। मालदा से ट्रेन के जरिए सिलीगुड़ी में हेरोइन तस्करी की कोशिश को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की सिलीगुड़ी यूनिट ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एनसीबी की टीम ने गुरूंग बस्ती के गणेश मोड़ इलाके से करीब 306 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहिदुल मोमिन और एमडी हासिमुद्दीन के रूप में हुई है। दोनों मालदा जिले के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मालदा से ट्रेन के जरिए हेरोइन लेकर न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) पहुंचे थे। इसके बाद एनजेपी से एक टोटो किराए पर लेकर सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 3 स्थित गुरूंग बस्ती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनसीबी की सिलीगुड़ी यूनिट को उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली।

बताया गया है कि मंगलवार रात एनसीबी की टीम ने गुरुंग बस्ती के गणेश मोड़ इलाके में अभियान चलाया। वहां टोटो में बैठे दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद एक पैकेट से हेरोइन बरामद हुई, जिसका कुल वजन करीब 306 ग्राम बताया गया है।

एनसीबी की सिलीगुड़ी यूनिट ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes