सिलीगुड़ी, 26 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के देशबंधु चित्तरंजन फ्लाईओवर की हालत जर्जर हो गई है। फ्लाईओवर के विभिन्न हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस रास्ते से गुजरने वाले आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खासकर बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। हल्की बारिश होते ही फ्लाईओवर के गड्ढों में पानी भर जाता है। ऐसे में बड़े और छोटे गड्ढों का पता लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चालकों के साथ-साथ बाइक और स्कूटी चालकों को भी परेशानी हो रही है।
इस फ्लाईओवर का इस्तेमाल रोजाना बड़ी संख्या में लोग करते हैं। स्कूल के छात्र-छात्राओं से लेकर कॉलेज विद्यार्थी, कार्यालय जाने वाले लोग और आम नागरिकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण मार्ग है। सिर्फ छोटे वाहनों के अलावा फ्लाईओवर से रोजाना बड़े वाहन और बसें भी गुजरती हैं।
सड़क की खराब हालत के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। फ्लाईओवर काफी पुराना होने के कारण स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके रखरखाव और सड़क की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि लंबे समय से सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन उनकी स्थायी रूप से मरम्मत नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द इस महत्वपूर्ण फ्लाईओवर की ओर ध्यान देने तथा गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।
