राजगंज, 27 मई (नि.सं.)। राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ राजगंज ब्लॉक के फाटापुकुर में भी एक होल्डिंग सेंटर बनाया जा रहा है।पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों, संदिग्ध विदेशी नागरिकों और रोहिंग्या लोगों को उनके देश वापस भेजने (डिपोर्ट) से पहले अस्थायी रूप से रखने के लिए राज्य के कई जिलों में ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाए जा रहे हैं। इसी के तहत राजगंज ब्लॉक के पानीकौड़ी ग्राम पंचायत के फाटापुकुर ओल्ड मार्केट में भी एक होल्डिंग सेंटर तैयार किया जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस होल्डिंग सेंटर में अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध विदेशी नागरिकों को एक निश्चित समय के लिए रखा जाएगा। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके देश वापस भेजने की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। राज्य के कई जिलों में इस तरह के होल्डिंग सेंटर बनाए जा रहे हैं। फाटापुकुर ओल्ड मार्केट में बन रहे इस केंद्र को लेकर इलाके में चर्चा शुरू हो गई है।
