सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल में लगातार हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) के मुताबिक, 18 और 19 जुलाई को सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। वहीं दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार जिलों में भी इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि 20 जुलाई को सभी उप-हिमालयी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
