सिलीगुड़ी, 01 नवंबर (नि.सं.)। छठ पूजा से पहले जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा सिलीगुड़ी के विभिन्न घाटों का जायजा लिया जा रहा है। छठ पूजा की व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी विभिन्न घाटों का जायजा लेने के अलावा निगरानी कर रहे हैं।
आज जिलाशासक एस पन्नम्बलम, पुलिस कमिश्नर गौरव शर्मा, एसजेडीए और नगर निगम के अधिकारियों ने लालमोहन मौलिक निरंजन घाट, संतोषीनगर घाट का दौरा किया और घाट पर सभी प्रकार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
लालमोहन मौलिक घाट पर हर साल बड़ी संख्या में लोग छठपूजा करते हैं। पिछले साल नया घाट का निर्माण करने के बावजूद वहां सीढ़ियां नहीं होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इस वर्ष वहां सीढ़ियों का निर्माण और नया घाट बनाया गया है।
इससे पूजा आयोजक काफी खुश हैं। इसके अलावा संतोषी नगर के छठ घाट का भी दौरा किया गया। पुलिस कमिश्नर गौरव शर्मा ने कहा कि पूजा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस कर्मी और सभी व्यवसाएं होंगे।