राजगंज, 27 मई (नि.सं.)। अवैध चुलाई शराब के खिलाफ भोरेर आलो थाना और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में चुलाई शराब नष्ट की गई और शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए।
बुधवार सुबह भोरेर आलो थाना पुलिस और एनजेपी आबकारी विभाग की संयुक्त पहल पर यह अभियान मझियाली ग्राम पंचायत के सुमरीभीटा गांव में चलाया गया। इस दौरान आबकारी विभाग के कर्मचारी, भोरेर आलो थाना के ओसी सुदीप्त दत्त, पुलिस बल और केंद्रीय बल के जवान मौजूद थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुमरीभीटा इलाके के कई घरों में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां अवैध चुलाई शराब बनाने के ठिकानों का पता चला। छापेमारी के दौरान कई शराब बनाने वाले बर्तन (हांड़ी) बरामद किए गए। आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
