सिलीगुड़ी ज्योतिर्मय एथलेटिक क्लब की दुर्गा पूजा को लेकर अनिश्चितता का माहौल 

सिलीगुड़ी, 9 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 2 में ज्योतिर्मय एथलेटिक क्लब की दुर्गा पूजा को लेकर अनिश्चितता का माहौल बन गया है।जानकारी के अनुसार, पिछले 46 वर्षों से प्रधाननगर धूप कंपनी रोड स्थित एक खाली जमीन पर महिलाओं द्वारा संचालित ज्योतिर्मय एथलेटिक क्लब दुर्गा पूजा का आयोजन करता आ रहा है। हाल ही में उक्त जमीन पर प्रमोटिंग का कार्य शुरू होने के बाद पूजा के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पूजा कमेटी के सदस्यों ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उन्होंने प्रमोटर से बातचीत की थी। उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में भी दुर्गा पूजा के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। लेकिन वर्ष 2026 में उन्हें सूचित किया गया कि पूजा के लिए कोई जगह उपलब्ध नहीं कराई जा सकती।

आरोप है कि पूजा की तैयारी के तहत जब कमेटी सदस्य बैनर लगाने गए तो प्रमोटर की ओर से आठ सदस्यों के खिलाफ प्रधाननगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इस मुद्दे को लेकर वार्ड नंबर 3 के पूर्व पार्षद रामभजन महतो और वार्ड नंबर 2 की पूर्व पार्षद गर्गी चटर्जी के साथ भी प्रमोटर की बैठक हुई थी, जहां भविष्य में पूजा में कोई समस्या नहीं होने का आश्वासन दिया गया था।

कमेटी के एक सदस्य ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माणाधीन भवन अवैध रूप से बनाया जा रहा है और इस अवैध निर्माण में रामभजन महतो की भूमिका है।

इस संबंध में बीजेपी के एक नंबर वार्ड मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा कि वार्ड की महिलाओं के साथ इस तरह की घटना सुनकर वह हैरान हैं। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, वार्ड नंबर 3 के पूर्व पार्षद रामभजन महतो ने कहा कि मामले पर चर्चा हुई है और वह इसे देख रहे हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कोई कार्य नहीं किया है और वह चाहते हैं कि दुर्गा पूजा का आयोजन हो। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes