सिलीगुड़ी, 4 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी महकमा खो-खो संस्था एवं सिलीगुड़ी नगर निगम के सहयोग से 62वीं सीनियर स्टेट खो-खो प्रतियोगिता 6 मई को आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी। बुधवार को तराई तारापद आदर्श विद्यालय परिसर में प्रेस वार्ता कर आयोजन समिति के अध्यक्ष आलोक चक्रवर्ती ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी शहर को खेलों का शहर कहा जाता है। वर्तमान में अन्य खेलों की तरह सिलीगुड़ी में खो-खो खेल ने अपना स्थान बना लिया है। इस बार 62वीं सीनियर स्टेट खो-खो प्रतियोगिता 6 मई से सिलीगुड़ी तराई तारापद आदर्श विद्यालय के मैदान में शुरू होगी। उद्घाटन समारोह 6 मई की दोपहर 3:30 बजे होगा।
राज्य के विभिन्न हिस्सों के खिलाड़ियों के साथ पश्चिम बंगाल पुलिस भी भाग लेगी। प्रतियोगिता में सिलीगुड़ी के नगर निगम के मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, टेबल टेनिस में बंगारत्न से सम्मानित भारती घोष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।