उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में 10 मिनट में मिला खोया बैग, पुलिस की तत्परता की सराहना
सिलीगुड़ी,17 मई (नि.सं.)। तकनीक और पुलिस की त्वरित कार्रवाई का एक शानदार उदाहरण सामने आया है। भक्ति नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन UPI ट्रांजैक्शन की मदद से एक महिला का ऑटो में खोया बैग मात्र 10 मिनट के भीतर बरामद कर उसे सुरक्षित वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगपू निवासी ऊषा छेत्री मल्लागुड़ी में अपने रिश्तेदार के घर आई थी। घर लौटते समय उन्होंने ऑटो से सफर किया और चेकपोस्ट पर उतरकर UPI के जरिए किराया भुगतान किया। इसके बाद उन्हें याद आया कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है, जिसमें जरूरी दस्तावेज और सामान मौजूद था।
घबराई महिला तुरंत भक्ति नगर थाना पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी के निर्देश पर टीम ने महिला से UPI पेमेंट की जानकारी लेकर तकनीकी आधार पर ऑटो चालक की पहचान शुरू की।
भुगतान रिकॉर्ड की मदद से कुछ ही मिनटों में पुलिस ऑटो चालक तक पहुंच गई। चालक को थाने बुलाकर ऑटो की तलाशी ली गई, जहां महिला का बैग सुरक्षित हालत में मिल गया। पूरी कार्रवाई महज 10 मिनट के भीतर पूरी कर ली गई।
अपना बैग वापस मिलने पर ऊषा छेत्री ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें इतनी जल्दी बैग मिलने की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने पुलिस के मानवीय व्यवहार और तत्परता की सराहना की है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस की कार्यशैली की चर्चा हो रही है। लोगों का मानना है कि तकनीक के सही उपयोग और त्वरित कार्रवाई से कानून व्यवस्था पर आम जनता का भरोसा और मजबूत होता है।
