सिलीगुड़ी,15 अगस्त (नि.सं.)। उत्तर बंगाल के मिनी सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ में पहली बार उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
2014 में उत्तरकन्या के उद्घाटन के बाद से स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर यहां अधिकारी या डिविजनल कमिश्नर ही ध्वजारोहण करते आ रहे थे। लेकिन इस बार देश के 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने इस परंपरा में बदलाव किया।
ध्वजारोहण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने कहा कि अब बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। वर्तमान में इस सचिवालय में शिक्षा मंत्री और वन मंत्री समेत अन्य मंत्री आम लोगों को सेवाएं दे रहे हैं। भविष्य में दक्षिण बंगाल के मंत्रियों के लिए भी यहां चैंबर की व्यवस्था की जाएगी।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर हालिया विवाद पर भी मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेताजी जैसा बेटा भारत की हर मां चाहती है। नेताजी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों को उन्होंने ‘मूर्खों के स्वर्ग में रहने वाला’ करार दिया। मंत्री ने कहा कि नेताजी का अपमान करने या उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
