रॉन्ग नंबर के जाल में फंसी नाबालिग हुई गर्भवती, आरोपी बिहार से गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 27 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में रॉन्ग नंबर से शुरू हुई बातचीत एक नाबालिग के लिए गंभीर अपराध में बदल गई। करीब पांच महीने बाद सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने आरोपी युवक को बिहार के सारण जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, एनजेपी थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग को वर्ष 2025 में एक रॉन्ग नंबर से कॉल आया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संबंध गहरे हो गए। आरोप है कि संदीप कुमार ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को कूचबिहार बुलाया, जहां उसके साथ कई दिनों तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे घर वापस भेज दिया।

इस वर्ष 21 जनवरी को नाबालिग पेट दर्द की शिकायत लेकर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल पहुंची, जहां जांच के दौरान वह करीब तीन सप्ताह की गर्भवती पाई गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी और मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि पीड़िता को आरोपी का असली नाम तक नहीं पता था और वह केवल एक मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क में थी। पुलिस ने उसी नंबर को ट्रैक करते हुए आरोपी का लोकेशन बिहार के सारण जिले में पता लगाया।

इसके बाद सिलीगुड़ी पुलिस की टीम बिहार पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर सिलीगुड़ी लाई। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes