सिलीगुड़ी, 7 जुलाई (नि.सं.)। नगर निगम की ओर से अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम ने नर्सिंग होम में बने अवैध निर्माण को तोड़ा। सिलीगुड़ी में पाकुरतला मोड़ के पास एक नर्सिंग होम में अवैध रूप से घर और टिन के शेड बनाए गए थे। लेकिन नगर निगम से कोई अनुमति या प्लैनिंग पास नहीं किया गया था।
आरोप मिलने के बाद सिलीगुड़ी नगर निगम ने मामले की जांच शुरू की। नर्सिंग होम प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद हाई कोर्ट में एक मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद हाई कोर्ट ने नगर निगम को अवैध निर्माण को तोड़ने का निर्देश दिया।
इस संबंध में नगर निगम के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर ए बनर्जी ने कहा कि नर्सिंग होम में अवैध रूप से घर और टिन के शेड बनाए गए थे। अदालत ने अवैध निर्माण को तोड़ने का निर्देश दिया था। निर्देश के अनुसार कार्य किया जा रहा है।
वहीं, नर्सिंग होम के प्रबंधन की ओर से डॉ. जीबी दास ने कहा मरीज के परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई थी। नगर निगम को जानकारी मिलने के बाद इसे तोड़ने का कार्य कार्य शुरू किया गया है। हम हर संभव सहयोग कर रहे है।