सिलीगुड़ी,12 मार्च (नि.सं.)। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज पश्चिमबंगाल को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने शिव मंदिर से माटीगाड़ा, सालुगाड़ा होते हुए सेवक तक 4-6 लेन की सड़क का निर्माण करने का ऐलान किया है। इस सड़क निर्माण में 995 करोड़ रुपए खर्च होंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज सुबह एक ट्वीट में यह इसकी घोषणा की। यह सड़क बनने के बाद सिलीगुड़ी के अलावा डुआर्स, पहाड़, सिक्किम समेत पूर्वोत्तर भारत के लोगों का सुविधा होगा।
इस सड़क में दार्जिलिंग मोड़ और कई अन्य जगहों पर नए फ्लाईओवर का भी निर्माण होगा। साथ ही माटीगाड़ा बालासन नदी पर भी नए पुल बनाए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री के ट्वीट के बाद सांसद राजू बिष्ट ने उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने एक बयान में कहा कि इससे यहां के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो गया है।
सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने भी केंद्रीय मंत्री को धन्यवाद दिया। शिव मंदिर से शुरू होकर आर्मी कैंटोनमेंट तक समाप्त होगी। वहीं, इस संबंध में मेयर गौतम देव ने कहा कि इस सड़क को 4-6 लेन बनाने की मांग लंबे समय से थी। राज्य की ओर से कई बार चर्चा भी की गई थी।