पार्टी 24 घंटे के भीतर अपना फैसला नहीं बदलती है तो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ेंगे चुनाव :निखिल साहनी

सिलीगुड़ी, 31 दिसंबर (नि.सं.)। नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होते ही पार्टी नेताओं में मनमुटाव देखने को मिल रहे हैै। इसी बीच18 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद निखिल साहनी ने कहा कि अगर पार्टी 24 घंटे के भीतर अपना फैसला नहीं बदलती है तो वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।


ज्ञात हो कि तृणमूल उम्मीदवारों की सूची गुरुवार को जारी की गई। लेकिन निखिल सहानी का नाम सूची में नहीं है। सूची जारी होने के बाद निखिल साहनी सहित वार्ड के नागरिकों ने पार्टी के इस फैसले का विरोध किया। निखिल सहानी तृणमूल कांग्रेस की ओर से 18 नंबर वार्ड में लगातार दो बार भारी अंतर से जीत हासिल कर चुके हैं और वे वार्ड में भी काफी लोकप्रिय हैं।

इस बार भी उन्होंने नगर निगम चुनाव में तृणमूल उम्मीदवार के रूप में खड़े होकर पार्षद बनने का सपना देखा था। हालांकि, उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि उनका नाम तृणमूल उम्मीदवारों की सूची में नहीं है। जिसके बाद पार्टी के इस फैसले का निखिल साहनी और उनके समर्थकों-कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने विरोध किया है। आज उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ एक अहम बैठक की।


निखिल साहनी ने कहा कि पार्टी को सभी मुद्दों से अवगत करा दिया गया है। बैठक के दौरान निखिल साहनी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि अगर पार्टी अगले 24 घंटे में अपने फैसले पर कायम रहती है तो वह अपने नागरिकों के सुझाव पर नगर निगम चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *