पुल तक संपर्क मार्ग नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में हो रही परेशानी

सिलीगुड़ी, 29 फरवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 24 और 36 नंबर वार्ड के भारतनगर और मध्य शांतिनगर इलाके के बीच जोड़ापानी नदी बहती है। पहले नदी पार कर लोगों को यातायात करनी पड़ती थी। बाद में समस्या के समाधान के लिए पुल बनाने की मांग की गई। इसके मुताबिक आठ साल पहले पुल का निर्माण कराया गया था। हालांकि,पुल तक संपर्क मार्ग नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में परेशानी होती है। पुल सड़क से कम से कम तीन फीट ऊंचा है।


ऐसे में संपर्क मार्ग नहीं होने से स्थानीय निवासियों के लिए यातायात करने में समस्या हो रही है। मध्य शांतिनगर इलाके में पुल के सामने स्थानीय लोगों ने कंक्रीट के टुकड़े रखकर पुल पर चढ़ने की व्यवस्था की है। दूसरी तरफ सीढ़ियां हैं। हालांकि खतरे की आशंका बढ़ती जा रही है। आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुल पर चढ़ने के दौरान कई लोग घायल हो जा रहे है। इस संबंध में 36 नंबर वार्ड के पार्षद रंजन शील शर्मा ने कहा कि उत्तर बंगाल विकास विभाग को मामले की जानकारी दे दी गई है। जल्द ही काम शुरू होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *