सिलीगुड़ी की गृहिणी की मयनागुड़ी में हुए भयानक बस हादसे में मौत, दो साल का बेटा गंभीर रूप से घायल

सिलीगुड़ी, 21 जून(नि.सं.)। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 28 के मजदूर कॉलोनी इलाके की 26 वर्षीय पंपा साहा की मयनागुड़ी में हुए एक भयानक बस हादसे में मौत हो गई। उनका 2 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है। वह अभी जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, पंपा साहा रविवार सुबह अपने पिता, मां और 2 साल के बेटे के साथ अपनी नानी के घर के लिए निकली थी। मयनागुड़ी के पास उनकी बस का हादसा हो गया। हादसे के बाद घायलों को निकालकर जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहा को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में पंपा का 2 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ICU में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अस्पताल के सूत्रों ने बताया है कि पंपा के पिता और मां की चोटें गंभीर नहीं हैं।
जैसे ही इस दुखद घटना की खबर सिलीगुड़ी पहुंची, मजदूर कॉलोनी इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता मृतक के घर पहुंचे और परिवार को मदद का भरोसा दिया।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, सिलीगुड़ी के विधायक और राज्य के टूरिज्म मिनिस्टर शंकर घोष को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी परिवार की तरफ से हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes