सिलीगुड़ी, 16 नवंबर (नि.सं.)। जिस पल का लंबे समय से इंतजार था, वह आज आ ही गया। लंबे अंतराल के बाद स्कूलों का सन्नाटा टूटा और विद्यार्थियों के आने से खिलखिलाहट का दौर फिर से शुरू हो गया। 16 नवंबर यानी आज से राज्य में स्कूल-कॉलेज खोल दिए गए हैं।
कोविड-19 महामारी की वजह से लंबे समय से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। अधिकतर राज्यों में स्कूल कॉलेज बंद थे। कोरोना के मामलों में आई कमी के बाद अब देश में फिर से स्कूल खुलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी के मद्देनजर पश्चिम बंगाल में भी आज से स्कूल कॉलेज खुल गए हैं। आज सुबह 10 बजे से पहले सिलीगुड़ी शहर के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों का आना शुरू हो गया।
आज शहर के विभिन्न स्कूलों में छात्रों के स्वागत के लिए तरह-तरह के इंतजाम किए गए थे। कहीं छात्रों को चॉकलेट दी गई तो कहीं पेन देकर उनका स्वागत किया गया। सभी स्कूलों में तमाम सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कक्षाएं शुरू की गई हैं। इस बीच पहले दिन सिलीगुड़ी कॉलेज, सूर्यसेन कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों के भी विद्यार्थी पहुंचे।
कोरोना के कारण पिछले डेढ़ साल से शिक्षण संस्थान बंद थे। आज से 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं और कॉलेज शुरू हुई है। बाद में स्थिति में सुधार हुआ तो चरणबद्ध तरीके से अन्य कक्षाएं खोली जाएंगी।
हालांकि, आज पहले दिन विभिन्न स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति दर भी अधिक थी। काफी दिनों बाद स्कूल पहुंचकर एक तरफ जहां विद्यार्थी काफी खुश दिखे। वहीं दूसरी तरफ शिक्षक भी काफी उत्साहित दिखाई दिए।
शिक्षकों के अनुसार प्रशासन द्वारा कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पठन-पाठन का कार्य किया जायेगा। स्कूल खोलने के फैसले का शिक्षकों और छात्रों ने स्वागत किया।