फूलबाड़ी, 28 अगस्त (नि.सं.)। फूलबाड़ी सीमा पर बीएसएफ जवानों को किन्नरों और मदरसा की छात्राओं ने राखी बांधी। शुक्रवार को फूलबाड़ी आईसीपी में रक्षाबंधन के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रक्षाबंधन के मौके पर सिलीगुड़ी के बाड़ीभाषा से किन्नर फूलबाड़ी सीमा पर पहुंचे और वहां तैनात बीएसएफ जवानों एवं महिला जवानों की कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधने के साथ ही उन्होंने जवानों का मुंह भी मीठा कराया।
इसी तरह भंडारीगछ-सुरुबाड़ी हाई मदरसा की छात्राएं भी फूलबाड़ी सीमा पर पहुंची और बीएसएफ जवानों के साथ रक्षाबंधन उत्सव में शामिल हुई। छात्राओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनका मुंह मीठा कराया। छात्राओं की इस पहल से सीमा क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले बीएसएफ जवान परिवार से दूर रहकर सीमा पर ड्यूटी करते हैं। उनके साथ राखी के पवित्र बंधन में शामिल होने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
किन्नर सोनाली सरकार ने कहा, “हम सभी एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। लेकिन जो जवान देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवार से दूर सीमा पर ड्यूटी कर रहे हैं, उनके लिए भी हमें कुछ करना चाहिए। इसलिए हमने बहन बनकर उन्हें राखी बांधी। सभी हमारे भाई हैं। हमें बहुत अच्छा लग रहा है और खुशी हो रही है।”
वहीं, भंडारीगछ-सुरुबाड़ी हाई मदरसा के प्रभारी प्रधान शिक्षक मोहम्मद नौशाद अली ने कहा कि मदरसा की छात्राओं को लेकर फूलबाड़ी बॉर्डर पर जवानों को राखी बांधने के लिए पहुंचे हैं। धर्म और जाति से ऊपर उठकर रक्षाबंधन का यह त्योहार मनाया जा रहा है। छात्राएं भी काफी उत्साहित थी। परिवार से दूर देश की सुरक्षा में तैनात कई जवानों के लिए शायद राखी बंधवाने घर जाना संभव नहीं हो पाया। इसी वजह से स्कूल की ओर से छात्राओं को लेकर जवानों को राखी बांधी गई।
