उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में फर्जी पुलिस बनकर छिनतई: जांच में तेजी, गिरोह तक पहुंचने के करीब पुलिस
सिलीगुड़ी, 25 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के 9 नंबर वार्ड में महिला से फर्जी पुलिस बनकर हुई छिनतई की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। घटना के 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, हालांकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात को चार बदमाशों ने अंजाम दिया, जो दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। इनमें से एक बाइक अपाची बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से संकेत मिला है कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक चोरी की हो सकती है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। हालांकि फुटेज में बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिखने के कारण उनकी पहचान में दिक्कत आ रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने पीड़ित महिला से हिंदी में बात की थी, जिससे पुलिस को संदेह है कि गिरोह झारखंड या बिहार का हो सकता है। वहीं, खालपाड़ा चौकी की पुलिस को इस मामले के तार माटीगाड़ा से जुड़े मिले हैं।
गौरतलब है कि करीब दो से ढाई महीने पहले माटीगाड़ा थाना पुलिस ने इसी तरह फर्जी पहचान बताकर छिनतई करने वाले झारखंड गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल सुधारगृह में बंद हैं। अब पुलिस उन तीनों आरोपियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। इसके लिए सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में आवेदन किया जाएगा और अनुमति मिलने के बाद सुधारगृह के अंदर ही पूछताछ की जाएगी।
पुलिस को शक है कि 9 नंबर वार्ड की घटना में उसी गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पीड़िता के बयान और अपने गुप्त सूत्रों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
