सिलीगुड़ी, 26 अस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के कोर्ट मोड़ इलाके में टोटो चालकों से कथित अवैध वसूली की शिकायत मिलने के बाद विधायक तथा मंत्री शंकर घोष खुद मौके पर पहुंचे।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से मंत्री के पास शिकायतें आ रही थी कि कोर्ट मोड़ इलाके में कुछ असामाजिक तत्व टोटो चालकों से नियमों के खिलाफ पैसे वसूल रहे हैं। शिकायत के आधार पर शंकर घोष ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर टोटो चालकों से बातचीत की। साथ ही कथित वसूली में शामिल लोगों को तुरंत इस तरह की गतिविधियां बंद करने की चेतावनी दी। उन्होंने टोटो चालकों को भी किसी तरह की अवैध वसूली नहीं देने का निर्देश दिया।
वहीं, कोर्ट मोड़ इलाके में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या भी मंत्री के संज्ञान में आई। आरोप है कि सड़क पर टोटो और ऑटो खड़े कर अस्थायी स्टैंड बना दिया गया है, जिससे व्यस्त मोड़ पर रोजाना जाम की स्थिति पैदा होती है। शंकर घोष ने चेतावनी दी कि यदि अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इस अस्थायी स्टैंड को भी हटा दिया जाएगा।
मंत्री ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को मामले पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है। शंकर घोष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
