सिलीगुड़ी में कई व्यवसायियों पर 500 रूपए जुर्माना, बोले-बड़े व्यवसायियों और प्लास्टिक कैरी बैग निर्माताओं पर क्यों नहीं हो रही कार्रवाई

सिलीगुड़ी, 7 अक्टूबर (नि.सं.)। प्रतिबंध के बावजूद सिलीगुड़ी शहर के विभिन्न जगहों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। सब्जी, फल, मछली बाजार से लेकर किराना दुकानों तक ग्राहकों को प्लास्टिक कैरी बैग में सामान दिये जा रहे हैं। इसीलिए सिलीगुड़ी नगर निगम ने पूजा से पहले एक बार फिर अभियान चलाया है। इस अभियान के दौरान प्लास्टिक कैरीबैग जब्त करने के साथ-साथ व्यवसायियों पर जुर्माना भी लगाया गया है। आज नगर निगम कर्मियों ने फुलेश्वरी बाजार में अभियान चलाया।


आज कई व्यवसायियों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान व्यवसायियों ने जुर्माने पर क्षोभ प्रकट किया। शहर में कई जगहों पर बड़े-बड़े व्यवसायी प्लास्टिक कैरी बैग बेच रहे हैं। वहां से कैरीबैग शहर के बाजारों की दुकानों पर आ रहे हैं। लेकिन व्यवसायियों ने सवाल उठाया कि बड़े व्यवसायियों और प्लास्टिक कैरी बैग निर्माताओं पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

इसे लेकर नगर निगम के कर्मियों से विवाद शुरू हो गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को सामान्य किया। बताया जा रहा है कि पूजा से पहले शहर के विभिन्न बाजारों में प्लास्टिक कैरी बैग के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जायेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *