सिलीगुड़ी कॉलेज हिंसा मामला: टीएमसीपी नेता गिरफ्तार, 5 दिन की न्यायिक हिरासत

सिलीगुड़ी, 28 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी कॉलेज में भर्ती प्रक्रिया को लेकर दो दिन पहले तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के बीच हुए हिंसक संघर्ष के बाद शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस घटना में टीएमसीपी के एक छात्र नेता गंभीर रूप से घायल हो गया था। उक्त मामले की जांच के दौरान दार्जिलिंग जिला टीएमसीपी के नेता विश्वजीत सरकार को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कॉलेज परिसर में एडमिशन प्रक्रिया के दौरान छात्रों की मदद के लिए हेल्प डेस्क लगाने को लेकर दोनों छात्र संगठनों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस झड़प में टीएमसीपी छात्र नेता विवेक झा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसी बीच, जांच के दौरान सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विश्वजीत सरकार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। पुलिस इस मामले में अन्य शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes