मेडिकल चौकी की पुलिस ने 19 जाली ATM कार्ड के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 12 अगस्त (नि.सं.)। मेडिकल चौकी पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से रुपये उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बारुईपुर निवासी जगन्नाथ घोरामी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 19 जाली एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सिलीगुड़ी मेडिकल कॉलेज के वार्ड मास्टर मुख्तार हुसैन एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान आरोपी ने मदद करने के बहाने उनका असली एटीएम कार्ड बदलकर जाली कार्ड दे दिया। कुछ देर बाद मुख्तार के खाते से करीब 26 हजार रुपये निकाले गए, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य कदमतल्ला के बीएसएफ मोड़ स्थित एक एटीएम के आसपास वारदात की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने अभियान चलाकर जगन्नाथ घोरामी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के एसीपी अनिर्वान मजूमदार ने बताया कि मेडिकल चौकी पुलिस ने एटीएम फ्रॉड गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 19 जाली एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। उन्होंने इसे एटीएम धोखाधड़ी गिरोह के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई बताते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes