सिलीगुड़ी में 50 हजार के जाली नोट के साथ सिक्किम निवासी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 29 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने माटीगाड़ा थाना की सफेद पोशाक पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर जाली नोट तस्करी का पर्दाफाश की है। इस मामले में सिक्किम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर हिमाचल बिहार इलाके में एसओजी और माटीगाड़ा थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 200 रुपये के 250 पीस जाली नोट बरामद किए गए। बरामद जाली नोटों की कुल कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवाजी गुप्ता के रूप में हुई है। वह सिक्किम के जोरथांग का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन नकली नोटों को इलाके में खपाने के इरादे से सिलीगुड़ी पहुंचा था। माटीगाड़ा थाना में आरोपी के खिलाफ जाली नोट तस्करी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। ताकि उससे पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes