सिलीगुड़ी में गाय चोरी के शक में दो लोगों की पिटाई, एक की मौत  

सिलीगुड़ी,25 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के उत्तर एकटियाशाल पाइप लाइन इलाके में गाय चोरी के संदेह में दो लोगों को भीड़ द्वारा पीटने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में इलाजरत है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात से इलाके में गाय चोरी की अफवाह फैल गई थी। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। आरोप है कि उन्हें एक खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। सूचना मिलते ही आशिघर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गंभीर हालत में बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दूसरे व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों व्यक्तियों का घर इस्लामपुर इलाके में बताया जा रहा है, हालांकि उनकी पहचान अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस और केंद्रीय बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *