उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में पुलिस का एक्शन: एक ही रात में 3 आग्नेयास्त्र बरामद, 3 गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 16 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में विधानसभा चुनाव के बाद से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस छोटे-बड़े अपराधियों पर नजर रखने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। नई सरकार के गठन के बाद पुलिस सख्त एक्शन मोड में नजर आ रही है।
इसी क्रम में बीती रात सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन के तीन थानों की पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर विशेष अभियान चलाकर तीन आग्नेयास्त्र बरामद किए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक ही रात में तीन हथियार मिलने से शहर में सनसनी फैल गई है और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है।
प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक में तैनात पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दार्जिलिंग मोड़ इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान संदेह के आधार पर प्रणब मंडल (31) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी समर नगर ऑटो स्टैंड इलाके का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया है।
वहीं, माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने हिमाचल बिहार इलाके में संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी की पहचान एमडी सरीप (28) के रूप में हुई है, जो पेशे से टोटो चालक है और उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
जबकि भक्ति नगर थाना की पुलिस ने एनएच-10 इलाके में देर रात एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़कर तलाशी ली गई। उसके पास से एक आग्नेयास्त्र और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी दीपंकर राय (26), सिलीगुड़ी नगर निगम के 42 नंबर वार्ड का निवासी है। उसके खिलाफ भी अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है।
प्रधान नगर और माटीगाड़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है, जबकि भक्ति नगर थाना पुलिस ने आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इन मामलों के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
