सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क में मनाया गया वन महोत्सव

सिलीगुड़ी,14 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम एवं वन विभाग की ओर से सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क में वन महोत्सव मनाया गया। आज बाघाजतिन पार्क में 100 से अधिक पौधे लगाए गए। इसके अलावा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं को फूल के पौधे भी दिए गए।


आज सिलीगुड़ी नगर निगम के प्रशासक मंडली के चेयरमैन गौतम देव ने अपनी पहल पर एक बादाम के पौधे सहित चार पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से शहर के लोगों को समझ आ गया है कि ऑक्सीजन की कितनी जरूरत है।

इसके लिए सिलीगुड़ी शहर में अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। साथ ही शहर के विभिन्न बाजारों में प्लास्टिक कैरीबैग का प्रयोग देखने को मिल रहा है। इसे पूरी तरह से रोकने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम ने पहल की है।


इसको लेकर जल्द ही व्यवसायियों के साथ एक बैठक की जाएगी। इस दौरान प्रशासक मंडली के सदस्य रंजन सरकार, विवेक वेद समेत वन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *