पेट दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंची नाबालिग निकली गर्भवती, युवक गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 13 फरवरी (नि.सं.)। पेट दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंची एक नाबालिग लड़की के गर्भवती पाए जाने से हड़कंप मच गया। डॉक्टर की सूचना पर महिला थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ध्रुव रॉय (25) के रूप में हुई है, जो भोरेर आलो थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन नाबालिग अपनी मां के साथ पेट दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि वह करीब सात महीने की गर्भवती है। मामला संदिग्ध होने पर अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत महिला थाना पुलिस को सूचित किया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात ध्रुव रॉय से हुई थी और दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को विभिन्न प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। परिवार को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। पेट दर्द बढ़ने पर जब उसे अस्पताल लाया गया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर महिला थाना पुलिस ने आरोपी को भोरेर आलो थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes