सिलीगुड़ी,17 जुलाई (नि.सं.)। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र विधान मार्केट का निरीक्षण सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर वीर विक्रम राय ने किया। शुक्रवार को उन्होंने नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, बिजली वितरण कंपनी के कर्मचारियों और विधान मार्केट व्यवसायी समिति के प्रतिनिधियों के साथ पूरे बाजार क्षेत्र का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान अंडरग्राउंड केबलिंग के कार्य की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके अलावा मछली बाजार, सड़क, जल निकासी प्रणाली और प्रकाश व्यवस्था का भी विस्तार से निरीक्षण किया गया। कमिश्नर ने संबंधित विभागों को आवश्यक मरम्मत और विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर वीर विक्रम राय ने कहा कि अंडरग्राउंड केबलिंग का काम पहले से शुरू हो चुका है, इसलिए इसे बीच में रोका नहीं जा सकता। हालांकि, इस कार्य के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आने वाले त्योहारों को देखते हुए काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और जहां-जहां काम होगा, वहां जल्द मरम्मत कर स्थिति सामान्य करने की व्यवस्था की जाएगी।
