सिलीगुड़ी,17 जुलाई (नि.सं.)। बचपन में टिफिन के लिए मिले पैसे खर्च करने के बजाय बचाकर रखने की आदत ने आज एक शिक्षक को अनोखी पहचान दिलाई है। सिलीगुड़ी शिवमंदिर के निवासी और रामगंज उच्च विद्यालय के भूगोल शिक्षक डॉ. संजय विश्वास ने अपने घर की छत पर एक अनोखा ऑर्गेनिक फल बागान तैयार किया है, जो अब लोगों के लिए प्रेरणा बन चुका है।
उनके इस छत बागान में करीब 50 प्रकार के फलदार पेड़ हैं। इनमें केवल आम की ही 35 किस्में शामिल हैं, जिनमें से 18 किस्मों में इस साल फल भी लगे हैं। छत पर कदम रखते ही एक अलग ही फल संसार देखने को मिलता है।
मियाजाकी, किंग ऑफ जैकपॉट, बनाना मैंगो, पुसा पीतांबर, पुसा सूर्य, अरुणिका, अरुणिमा, माया मैंगो, सेंसशन, कटिमोहन जैसी दुर्लभ आम की किस्मों के साथ-साथ यहां जामरूल, गुलाबजाम, माल्टा, मौसंबी, लीची, ड्रैगन फ्रूट, अनानास, जलपाई, नींबू, दो तरह के कटहल, छह प्रकार के अंगूर और सात तरह के सेब भी उगाए जा रहे हैं।
डॉ. संजय विश्वास के अनुसार, फिलहाल वे प्रयोग के तौर पर अलग-अलग फलों की खेती कर रहे हैं। भविष्य में जमीन खरीदकर इसे पूरी तरह व्यावसायिक स्तर पर ऑर्गेनिक फल उत्पादन में बदलने की योजना है। अपनी सफलता का श्रेय वे तकनीक को देते हैं। यूट्यूब, गूगल और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लंबे समय तक अध्ययन और रिसर्च कर उन्होंने आधुनिक रूफटॉप गार्डनिंग की तकनीक सीखा है। आज राज्य के विभिन्न जिलों से लोग उनसे संपर्क कर रहे हैं। कई लोग खेती के सुझाव, पौधे और तकनीकी सहायता भी उनसे ले रहे हैं।
