नक्सलबाड़ी,25 नवंबर (नि.सं.)। शौच करने गए एक व्यक्ति की हाथी के हमले में मौत हो गयी। यह घटना नक्सलबाड़ी के हाथीघिसा के दमदमा इलाके की है। मृतक का नाम विजय नाग (44) है।
बताया गया है कि आज सुबह विजय नाग पहाड़गुमगुमा चाय बागान के दमदमा डिवीजन में शौच के लिए गये थे। तभी हाथी ने उक्त व्यक्ति पर हमला कर दिया। जिससे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। बाद में बागडोगरा वन विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा।
घटना के बाद रेंजर सोनम भूटिया ने आम जनता को जागरूक करने के साथ ही सुबह हाथी गलियारे में नहीं जाने का संदेश दिया। बागडोगरा जंगल में 100 हाथी हैं। इसलिए वन विभाग को डर है कि अगर आम लोग जागरूक नहीं हुए तो खतरा बढ़ सकता है।