राजगंज की सुखानी और माझियाली ग्राम पंचायतें तृणमूल के हाथ से निकली, प्रधान-उपप्रधान पद पर बीजेपी

राजगंज, 12 अगस्त (नि.सं.)। राजगंज की सुखानी और माझियाली ग्राम पंचायतों पर तृणमूल कांग्रेस का नियंत्रण समाप्त हो गया है। दोनों पंचायतों में बुधवार को नए बोर्ड का गठन हुआ, जिसके बाद प्रधान और उपप्रधान पद पर बीजेपी के प्रतिनिधियों का कब्जा हो गया। 

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सुखानी ग्राम पंचायत में बोर्ड गठन के दौरान बीजेपी के उत्तम रॉय ने प्रधान और सबिता विश्वास ने उपप्रधान पद की जिम्मेदारी संभाली है। इसी तरह माझियाली ग्राम पंचायत में सुग्रीव रॉय  प्रधान और रिंकू घोरामी रॉय उपप्रधान बनी।

2023 के पंचायत चुनाव में सुखानी ग्राम पंचायत की कुल 21 सीटों में से 18 पर तृणमूल कांग्रेस और 3 पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। बुधवार को बोर्ड गठन के दौरान कुल 16 सदस्य उपस्थित थे, जिनमें 13 तृणमूल कांग्रेस के सदस्य थे। इसके बावजूद प्रधान और उपप्रधान दोनों पद बीजेपी के खाते में चले गए।

वहीं, माझियाली ग्राम पंचायत की कुल 19 सीटों में तृणमूल कांग्रेस के पास 12, बीजेपी के पास 6 और सीपीएम के पास एक सीट थी। बोर्ड गठन के दौरान तृणमूल के 12 और बीजेपी के 6 सदस्य उपस्थित रहे। इसके बाद बीजेपी के प्रतिनिधियों ने प्रधान और उपप्रधान पद की जिम्मेदारी संभाल ली।

गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पिछले जून महीने में सुखानी और माझियाली, दोनों ग्राम पंचायतों के तृणमूल कांग्रेस के प्रधानों ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नए सिरे से बोर्ड गठन की प्रक्रिया शुरू हुई। बुधवार को बोर्ड गठन के साथ ही दोनों ग्राम पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान पद पर बीजेपी के प्रतिनिधियों ने जिम्मेदारी संभाल ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes