सिलीगुड़ी, 12 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ज्योतिर्मय कॉलोनी स्थित एक घर से सोने के आभूषण और नकदी चोरी के मामले में जांच करते हुए एनजेपी थाने की पुलिस ने अंबिकानगर इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय रॉय और रमेश प्रसाद के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की घटना 1 अगस्त को हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अब तक चोरी हुए सोने और नकदी की बरामदगी नहीं हो सकी है।
पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है कि चोरी का सामान कहां बेचा गया है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ और अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
