राजगंज, 21 फरवरी(नि.सं)। अपनी खुद की खेती की जमीन नहीं होने के बावजूद एक स्कूल शिक्षक ने अपने दो मंजिला घर की छत पर स्ट्रॉबेरी की खेती कर अनोखी मिसाल पेश की है। कुछ स्ट्रॉबेरी का वजन 300 से 400 ग्राम तक पहुंचने से इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
राजगंज ब्लॉक के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत आमबाड़ी कामरभिटा निवासी मनोजीत विश्वास पेशे से शिक्षक है। वह घर के पास स्थित हरिहर उच्च विद्यालय में पढ़ाते है। शिक्षक होने के साथ-साथ उन्हें खेती-बाड़ी का भी गहरा शौक है। जमीन न होने के कारण वह हर साल अपने घर की छत पर विभिन्न फूलों और फलों की खेती करते हैं। पिछले वर्ष उन्होंने एक स्ट्रॉबेरी का पौधा लगाया था। उसी पौधे से कई नए पौधे तैयार कर गमलों में रोपण किया। इस वर्ष उन पौधों में भरपूर फल आए हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि कुछ स्ट्रॉबेरी का वजन लगभग 300 से 400 ग्राम तक पहुंच गया है।
मनोजीत विश्वास का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी बड़ी स्ट्रॉबेरी नहीं देखी थी। इतने बड़े आकार के पीछे क्या कारण है, यह उनके लिए भी रहस्य है, लेकिन अपनी इस सफलता से वह बेहद खुश हैं।
स्ट्रॉबेरी के अलावा उनकी छत पर कई तरह के फूल और कृषि उत्पाद भी उगाए जाते है। छत पर सफल खेती के लिए उन्हें पहले भी कृषि विभाग की ओर से सम्मानित किया जा चुका है।
मनोजीत विश्वास ने बताया, कृषि कार्य मेरा जुनून है। जमीन न होने की वजह से मैं छत का उपयोग करता हूं। पिछले साल एक पौधा लगाया था, जिससे कई नए फल तैयार हुए। इस साल खूब फल मिले हैं। कुछ फल इतने बड़े हो गए कि मैं खुद भी हैरान हूं।
उन्होंने स्ट्रॉबेरी के पौधे अपने स्कूल के छात्रों के बीच भी वितरित किए है। उनका कहना है कि यदि कोई स्ट्रॉबेरी की खेती करना चाहता है तो वह उनसे संपर्क कर पौधे प्राप्त कर सकता है।
