सिलीगुड़ी में बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, तीन गिरफ्तार  

सिलीगुड़ी, 5 जुलाई (नि.सं.)। भक्ति नगर में ज्वेलरी शॉप में लूट की नाकाम कोशिश के बाद इस बार बदमाशों ने प्रधान नगर इलाके में बड़ी डकैती की योजना बनाई थी। उनके निशाने पर एटीएम और ज्वेलरी दुकानें थी। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात प्रधान नगर थाना की एंटी क्राइम विंग की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मिलन मोड़ इलाके में एक संदिग्ध अल्टो कार पर पुलिस की नजर पड़ी। कार में सवार लोग काफी देर से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दे रहे थे।

संदेह होने पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, अपराध में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान बिहार निवासी प्रमोद कुमार साहनी, मनोज महतो और सुधीस पासवान के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए कार के आगे और पीछे के नंबर प्लेट को ढक रखा था। पुलिस का मानना है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सिलीगुड़ी पहुंचे थे।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी अंतरराज्यीय गिरोह से संबंध तो नहीं है। बरामद अल्टो कार चोरी की है या नहीं, इसकी भी जांच जारी है।

रविवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes