सिलीगुड़ी में शुरू हुई ट्रैफिक मार्शल सेवा, 24×7 टूरिस्ट हेल्पलाइन भी लॉन्च  

सिलीगुड़ी, 5 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के ट्रैफिक विभाग की पहल पर रविवार से पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अत्याधुनिक ट्रैफिक मार्शल सेवा शुरू की गई। साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे का टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर भी लॉन्च किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस नई पहल से शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू रूप से नियंत्रित किया जा सकेगा। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी यह सेवा अहम भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी स्थित मैनाक टूरिस्ट लॉज में एक कार्यक्रम के जरिए पहले चरण में पांच ट्रैफिक मार्शल बाइक का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने किया। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। उनकी सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे की टूरिस्ट हेल्पलाइन शुरू की गई है। किसी भी आपात स्थिति में इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने पर तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शिकायत मिलते ही संबंधित थाने को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने बताया कि तकनीक आधारित तेज और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराना उनका मुख्य उद्देश्य है। ट्रैफिक मार्शल सेवा शुरू होने से जहां यातायात जाम पर नियंत्रण मिलेगा, वहीं दुर्घटना के बाद त्वरित राहत और बचाव कार्य भी संभव हो सकेगा। साथ ही टूरिस्ट हेल्पलाइन पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes