भीषण तूफान से मण्डलघाट तबाह, ओवरहेड तार पर पेड़ गिरने से ट्रेन सेवा बाधित

जलपाईगुड़ी, 21 मई (नि.सं.)। जिले में गुरुवार तड़के आए तेज तूफान ने मण्डलघाट और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी। जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के नंदनपुर बोवालमारी ग्राम पंचायत के मण्डलघाट क्षेत्र में तूफान के कारण कई घर, खेती की जमीन और बिजली व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे तेज बारिश के साथ जोरदार आंधी चली। कुछ ही मिनटों में कई घरों की टिन की छतें उड़ गई और बड़ी संख्या में पेड़ उखड़कर गिर पड़े। पेड़ों के गिरने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई इलाकों में बिजली सेवा ठप हो गई।

तूफान का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। मण्डलघाट स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार पर पेड़ गिरने से इस रूट पर ट्रेन सेवा कुछ समय के लिए रोक दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व मरम्मत कार्य शुरू किया। पेड़ हटाने और ओवरहेड तार की मरम्मत के बाद ट्रेन सेवाएं फिर से सामान्य कर दी गई। घटना की खबर मिलते ही विधायक अनंत देव अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *