नक्सलबाड़ी, 5 जून (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी में नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ 2 युवकों को नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती रात स्थानीय लोगों ने नक्सलबाड़ी के एक संदिग्ध ठिकाने से दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में बाहर निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत नक्सलबाड़ी थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नक्सलबाड़ी के बेंगाइजोत इलाके में एशियन हाईवे सड़क पर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 26 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ, जिसमें प्रत्येक के पास से 13-13 बोतल मिली। गिरफ्तार युवकों के नाम सूरज शर्मा और सुजय पाल हैं। दोनों नक्सलबाड़ी स्टेशनपाड़ा इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
बरामद प्रतिबंधित सिरप को जब्त कर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही नक्सलबाड़ी को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
