खोरीबाड़ी, 29 मई (नि.सं.)। भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी इमीग्रेशन स्टाम्प का इस्तेमाल कर नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रही दो थाईलैंड की महिलाओं को एसएसबी ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में बाद में एक और व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। घटना खोरीबाड़ी के पानीटंकी स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर की है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सीमा पार करने के दौरान एसएसबी ने दो थाईलैंड की महिलाओं के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान इमीग्रेशन स्टाम्प में गड़बड़ी नजर आई। जब सीमा पर मौजूद इमिग्रेशन विभाग से जानकारी मिलाई गई, तो पता चला कि इन नामों से कोई स्टाम्प जारी ही नहीं किया गया था।इसके बाद सरकारी स्टाम्प की जालसाजी और अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश के आरोप में दोनों महिलाओं को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पिमचानोक केटला और चिनतारा बुद्धाफोंग के रूप में हुई है, जो थाईलैंड की निवासी हैं।वहीं, जिस चारपहिया वाहन से दोनों महिलाओं को भद्रपुर ले जाया जा रहा था, उसका चालक मौके से फरार हो गया, जिससे संदेह और गहरा गया। बाद में पुलिस ने जांच के दौरान वाहन चालक कुलदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।इस मामले में पुलिस एक अन्य व्यक्ति की तलाश कर रही है। जांच अधिकारियों के लिए यह सवाल बना हुआ है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद इन महिलाओं ने फर्जी इमीग्रेशन स्टाम्प का इस्तेमाल क्यों किया।
