सिलीगुड़ी, 4 जनवरी (नि.सं.)। मालदा के बाद एक बार फिर 24 घंटे में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार दोपहर एनजेपी स्टेशन में प्रवेश करने से पहले पथराव किया गया है। इस घटना में ट्रेन के 2 कोच की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई है।
घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कत में आ गई है। बुधवार को एनजेपी स्टेशन में आरपीएफ और जीआरपीएफ के अधिकारियों के बीच उच्च स्तरीय बैठक हुई है। बैठक में आरपीएफ के सहायक सुरक्षा कमांडेंट एमडी फारूक शामिल रहे। बैठक के बाद आरपीएफ के सहायक सुरक्षा कमांडेंट एमडी फारूक ने कहा कि मामले को लेकर पहले ही शिकायत दर्ज करा दी गई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें कि भारतीय रेल ने पश्चिम बंगाल को हाल में वंदे भारत सेमी हाई-स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन की उपहार दी है। हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी रूट पर वंदे भारत का परिचालन शुरू होने के बाद ट्रेन पर दूसरी बार पत्थरबाजी करने की घटना सामने आई है। इससे पहले सोमवार को मालदा में ट्रेन पर पत्थर फेंके गए थे।
